मोबाइल रीसेट होते ही खाते से 98 हजार पार,होटल कर्मी हुआ साइबर ठगी का शिकार

ग्वालियर। साइबर ठगों ने एक होटल रिसेप्शनिस्ट के मोबाइल को निशाना बनाकर उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपए उड़ा दिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की, जिसके बाद मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुरार थाना क्षेत्र के पंछी नगर, खुरैरी बड़ागांव निवासी 25 वर्षीय विकास पुत्र विष्णु दंडोतिया होटल गोल्डन इन, फूलबाग में रिसेप्शनिस्ट है। विकास ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी से लौटने के बाद वह घर जाकर सो गया था। दोपहर करीब 3 बजे नींद से उठने पर उसने अपना मोबाइल देखा तो फोन अपने आप रीसेट मोड में था।

कुछ देर बाद मोबाइल सामान्य हुआ तो उसने फोन-पे के जरिए अपने बैंक ऑफ इंडिया के खाते का बैलेंस चेक किया। इस दौरान पता चला कि खाते से 98 हजार रुपए गायब थे। उसके होश उड़ गए। वह तुरंत बैंक पहुंचा और जानकारी ली तो पता चला कि यूपीआई के जरिए उसके खाते से रुपए किसी संजय नारायण गुप्ता के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। विकास का कहना है कि उसने यह ट्रांजेक्शन न तो किया और न ही इसके लिए कोई अनुमति दी थी। घटना के बाद वह साइबर क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

टीआई मुरार मैना पटेल का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस खाते में राशि गई है, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

एसएसपी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को दी विदाई

Wed Sep 30 , 2026
ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर ने पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे पांच पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह में सूबेदार प्रेम सिंह […]

You May Like