
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल से मुंबई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस की ग्वालियर-मुंबई उड़ान संख्या 6ई 5265 अब एक अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन संचालित होगी। अभी तक यह सेवा सप्ताह में सीमित दिनों तक ही उपलब्ध थी, जिससे यात्रियों को असुविधा होती थी।
संशोधित उड़ान कार्यक्रम के अनुसार ग्वालियर से मुंबई के लिए विमान दोपहर 4:15 बजे प्रस्थान करेगा। वहीं मुंबई से ग्वालियर आने वाली उड़ान संख्या 6ई 5276 का आगमन दोपहर 3:40 बजे निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर एयरबस ए-320 विमान का संचालन किया जाएगा।
विमानन सूत्रों के अनुसार दैनिक सेवा शुरू होने से व्यापारियों, छात्रों और चिकित्सा सुविधा के लिए मुंबई जाने वाले मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। ग्वालियर चंबल अंचल का प्रमुख हवाई केंद्र है और मुंबई के लिए सीधी दैनिक कनेक्टिविटी की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शेड्यूल में बदलाव किया गया है। दैनिक उड़ान शुरू होने से पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
