
सारनी। जिला प्रशाशनिक अधिकारी एसपी वीरेंद्र जैन के निर्देशन में महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारनी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी गौतम धुर्वे ने उसे डरा-धमकाकर कई बार दुष्कर्म किया तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सारनी में अपराध क्रमांक 165/26 के तहत बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी प्रियंका करचाम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गौतम पिता जंगलसा धुर्वे (19) निवासी ग्राम बाकुड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई में निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक प्रीति पालेवार एवं आरक्षक वर्षा नागले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से महिला एवं बाल अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि दोषियों पर शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
