सतना: जबलपुर से आए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्रा ने मंगलवार को सतना जीआरपी चौकी का वार्षिक निरीक्षण किया।एएसपी करीब साढ़े तीन घंटे तक सतना में रहे। इस दौरान उन्होंने जीआरपी चौकी का निरीक्षण करने के साथ दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन के साथ-साथ आउटर क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतर्कता बढ़ाने को कहा।
आउटर पर विशेष निगरानी
एएसपी आशुतोष मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के साथ आउटर क्षेत्रों पर भी लगातार नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी जानकारी लेते हुए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
