शिवपुरी: स्वयं के अपहरण की झूठी कहानी रचकर परिजनों से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले युवक को पुलिस ने शिवपुरी से बरामद किया है।भूरा सिंह बघेल निवासी ग्राम गिजोर्रा ने थाना गिजोर्रा में रिपोर्ट कराई थी कि उसका भतीजा राहुल बघेल अपने कान का इलाज कराने के लिए मोटरसाइकिल से ग्वालियर गया था। शाम को मैने उसको फोन लगाया तो उसका फोन बंद आ रहा था और वह अभी तक वह घर वापस नहीं आया है। तभी से उसका फोन बन्द है। शक है कि उसका किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गिजोर्रा में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।उक्त युवक के गायब होने की सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी गिजोर्रा उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह धाकड़ के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में अपहृत युवक को बरामद करने लगाया गया। थाना गिजोर्रा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए युवक की आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई और तकनीकी सेल व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना गिजोर्रा पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त गुमशुदा युवक द्वारा ही अपने घरवालों को मोबाइल से व्हाट्सएप के माध्यम से 05 लाख रूपये की फिरौती की मांग की गई है। जांच के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि उक्त युवक द्वारा बैंक से लोन पर मोटरसाइकिल खरीदी थी और उसके चाचा द्वारा मोटर साइकिल को गिरवी रखी दिया था। युवक द्वारा बैंक की लोन किस्त न चुकाने पर बैंक द्वारा उसके खिलाफ प्रकरण भी पंजीबद्ध कराया गया था, जिसमें न्यायालय से युवक का स्थाई वारंट भी जारी हुआ था और उसे गिजोर्रा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। तकनीकी सहायता के माध्यम से उक्त गुमशुदा युवक के पोहरी जिला शिवपुरी में होना ज्ञात हुआ। जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा थाना पिछोर पुलिस एवं शिवपुरी में पोहरी पुलिस की सहायता से उक्त गुमशुदा युवक को पोहरी शिवपुरी से बरामद किया गया। युवक से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने दोस्त अजय यादव के ट्रक से पोहरी जिला शिवपुरी भाग जाना तथा स्वयं के अपहरण की झूठी कहानी रचना बताया।
