नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) घरेलू स्मार्टफोन ब्रांड लावा इंटरनेशनल ने मंगलवार को अपने शार्क सीरीज के तहत नया स्मार्टफोन शार्क 2 प्रो 5जी पेश किया, जिसकी कीमत 16,999 रुपये रखी गयी है। कंपनी के अनुसार, फोन में 6.75 इंच का एचडी प्लस डिस्प्ले, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 6000 एमएएच की बैटरी दी गयी है। यह फोन ऑक्टा-कोर यूनिसॉक टी8200 प्रोसेसर से लैस है। इसमें छह जीबी रैम के साथ अतिरिक्त छह जीबी वर्चुअल रैम और 128 जीबी इंटरनल स्टोरेज दी गयी है। स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये एक टीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
शार्क 2 प्रो 5जी में 50 मेगापिक्सल का एआई रियर कैमरा और आठ मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। रियर कैमरे में नाइट मोड, एचडीआर, पोर्ट्रेट, फिल्म, प्रो मोड और मोशन फोटो जैसे फीचर दिये गये हैं। फोन में डुअल-व्यू वीडियो और 2के वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा भी है। कंपनी ने बताया कि शार्क 2 प्रो 5जी की कीमत 16,699 रुपये है। यह वित्तीय योजनाओं के साथ देशभर के ऑफलाइन खुदरा विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं के माध्यम से उपलब्ध है। कंपनी फोन के साथ एक साल की हैंडसेट रिप्लेसमेंट वारंटी और एक्सेसरीज पर छह महीने की वारंटी दे रही है।फोन में 6000 एमएएच की बैटरी के साथ 18 वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है। यह डुअल 5जी सिम, ब्लूटूथ 5.4 और हाइब्रिड सिम स्लॉट को सपोर्ट करता है। सुरक्षा के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक की सुविधा है।
यह फोन एंड्रॉयड 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है। इसमें लावा का एआई आधारित सहायक वायु एआई भी दिया गया है। कंपनी फोन के लिए एक एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड और दो साल के सुरक्षा अपडेट देगी। फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए आईपी64 रेटिंग मिली है। यह आकाश ब्लू और नंदा सिल्वर रंगों में उपलब्ध है।

