
भोपाल। आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 6 जून शनिवार को शाम 5 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार करेंगे।
बैठक में राज्यसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और विधायकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा किए जाने की संभावना है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए वरिष्ठ नेताओं से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। दोनों नेता विधायक दल के सदस्यों के साथ चुनावी समीकरणों और पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
कांग्रेस के लिए यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी अपनी एकजुटता और रणनीतिक तैयारी को मजबूत करने में जुटी हुई है।
