कैनबरा, 12 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने सोमवार को घोषणा की कि 14 दिसंबर को बॉन्डी में हुए आतंकी हमले के मद्देनज़र नफरत फैलाने और बंदूक कानूनों को लेकर नए विधेयक पेश करने के लिए संसद का विशेष सत्र अगले सप्ताह बुलाया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संसद के दोनों सदन 19 और 20 जनवरी को बैठक करेंगे, जबकि पहले संसद सत्र 2 फरवरी को प्रस्तावित थी। उन्होंने कहा, “बॉन्डी बीच के आतंकियों के दिमाग में नफरत थी और उनके हाथों में बंदूकें थीं। यह कानून दोनों से निपटेगा और हमें दोनों से निपटना होगा।”
यदि यह विधेयक पारित हो जाता है, तो गृह मामलों के मंत्री के लिए नफरत फैलाने के इरादे से आने वाले लोगों के वीज़ा रद्द करने या अस्वीकार करने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी। साथ ही मंत्री को संगठनों को प्रतिबंधित नफरत समूह के रूप में सूचीबद्ध करने का अधिकार भी मिलेगा।
सरकार ने विधेयक पर चर्चा से पहले हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक प्रस्ताव लाने का भी निर्णय लिया है। इस कानून के तहत नेशनल गन्स बायबैक स्कीम की भी शुरुआत की जाएगी, जिसका उद्देश्य ऑस्ट्रेलियाई सड़कों से बंदूकों को हटाना है।
श्री अल्बानीज़ ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया ऐसा समाज बना रहे, जहां हर व्यक्ति को अपनी पहचान पर गर्व करने का अधिकार हो। साथ ही यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि नफरतपूर्ण, खतरनाक और विभाजनकारी आचरण अवैध होगा।”
