जबलपुर: रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन डिग्निटी के तहत जबलपुर रेलवे स्टेशन पर भिक्षावृत्ति कर जीवन-यापन कर रहे 2 वृद्ध पुरुषों और 6 वृद्ध महिलाओं का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित पुनर्वास के लिए निराश्रित सेवा संस्था पहुंचाया। आरपीएफ की कार्रवाई से स्टेशन परिसर में बेसहारा हालत में रह रहे बुजुर्गों को आश्रय मिल सका। आरपीएफ के उप निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में स्टाफ ने सभी आठ बुजुर्गों को स्टेशन से रेस्क्यू कर आरपीएफ पोस्ट जबलपुर लाया।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनका कोई घर-परिवार या रिश्तेदार नहीं है और जीवन-यापन के लिए स्टेशन पर भीख मांगते थे। आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को मोक्ष लावारिस निराश्रित सेवा संस्था, जबलपुर में सुरक्षित पुनर्वास के लिए पहुंचाया गया। आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन डिग्निटी के तहत की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य स्टेशन परिसर में बेसहारा और निराश्रित लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है।
