श्योपुर:जिले के बड़ौदा इलाके के गलमान्या गांव में सांप के डसने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई। घटना रात की है। परिवार दोनों बच्चियों को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गलमान्या निवासी मुकेश बैरवा ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी गीताबाई और बेटियों गिरिजा, पूर्ति व मीनाक्षी के साथ खाना खाने के बाद सो गए थे। 4 साल की पूर्ति और 8 महीने की मीनाक्षी अपनी मां के साथ बेड पर सो रही थीं।
रात करीब 11 बजे बच्ची के रोने की आवाज सुनकर माता-पिता की नींद खुली। उन्होंने देखा कि एक सांप पूर्ति को डसकर वहां से जा रहा था। सांप ने पास में सो रही मीनाक्षी को भी डस लिया और कमरे से बाहर निकल गया
सर्पदंश के बाद दोनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी होने लगी। परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिवार और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
