इंदौर: सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक हुई. बैठक में जिले के सभी 610 गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण करने एवं सभी शासकीय भवनों और प्रधानमंत्री आवास में वॉटर रिचार्जिंग कार्य करने का निर्णय लिया गया.आज कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की जिला स्तरीय बैठक हुई. बैठक में पेयजल स्त्रोतों एवं भूजल संवर्धन तथा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों के संबंध में चर्चा की गई. बैठक में कलेक्टर वर्मा ने भूजल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की समीक्षा की.
उन्होंने निर्देश दिये कि सभी शासकीय भवनों एवं प्रधानमंत्री आवास में वॉटर रिचार्जिंग का कार्य अनिवार्य से किया जाएं. बैठक में अधिकारियों ने बताया गया कि सभी 610 गांवों को 56 कलस्टर में विभाजित कर घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही संग्रहित कचरे के सुरक्षित परिवहन और उसका वैज्ञानिक तरीकों से प्रसंस्करण कराया जाएगा. इसके लिए पीपीपी मॉडल पर कार्य कराने के संबंध में चर्चा हुई. कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिये कि उक्त कार्ययोजना शीघ्र लागू करें.बैठक में विधायक उषा ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
