
केवलारी नगर ने अपने एक होनहार, मिलनसार और बहुमुखी प्रतिभा के धनी युवा को हमेशा के लिए खो दिया है। सुबह की सैर और व्यायाम के लिए निकले युवा अंशुल यादव की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस आकस्मिक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
दरअसल, केवलारी के पशु चिकित्सालय के पास रहने वाले राजकुमार यादव के सुपुत्र अंशुल यादव हर रोज की तरह सोमवार की सुबह भी लगभग 5 बजे खेल और व्यायाम के अभ्यास के लिए बड़े ग्राउंड की ओर निकले थे।
किंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। ग्राउंड जाने के दौरान अचानक वह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि अंशुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और रेल पुलिस ने मामले की कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों को सौंप दिया ।जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम बिदाई देते हुए अंशुल का अंतिम संस्कार किया।
एक उभरते हुए सितारे के यूं अचानक चले जाने से केवलारी के खेल प्रेमियों, परिजनों और नगरवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने अंशुल के असामयिक निधन पर गहरा दुख जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
