ओमान, आइसलैंड ने हरित विमान ईंधन पर भारत के साथ सहयोग को बताया जरूरी

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) ओमान और आइसलैंड ने हरित विमान ईंधन (एसएएफ) की वैश्विक सफलता के लिए भारत से साथ सहयोग को जरूरी बताते हुए सोमवार को कहा कि यहां इस क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं हैं।
भारत में आइसलैंड के राजदूत बेनेडिक्ट होस्कुल्डसन ने यहां दूसरे एसएएफ सम्मेलन में कहा कि आइसलैंड के लिए विमानन दुनिया से जुड़े रहने का एक महत्वपूर्ण जरिया है। भारत ने साल 2027 तक एक प्रतिशत और साल 2028 तक दो प्रतिशत हरित विमान ईंधन के इस्तेमाल का लक्ष्य रखा है। इससे बड़े पैमाने पर मांग पैदा होती है। यहां मुद्दा उसी अनुपात में आपूर्ति सुनिश्चित करने का है।
उन्होंने कहा कि कोई भी देश एसएएफ के लिए अकेले दम पर पारितंत्र का निर्माण नहीं कर सकता। भारत के पास औद्योगिक पैमाना और अभियांत्रिकी में उत्कृष्टता है। भारतीय उद्यमों को आइसलैंड के रास्ते उत्तरी गोलार्द्ध के देशों की कंपनियों के साथ सहयोग के लिए आमंत्रित किया।

भारत में ओमान के राजदूत इस्सा सालेह अब्दुल्ला सालेह अल शिबानी ने भी कहा कि हरित विमान ईंधन के क्षेत्र में दोनों देशों की कंपनियों के बीच साझेदारी और सहयोग के लिए पर्याप्त अवसर हैं। उन्होंने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विमानन क्षेत्र में आ रहे परिवर्तन के अनुरूप हम बदलाव करें। भारत के एसएएफ अपनाने से ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और निवेश के क्षेत्र में सहयोग के बड़े अवसर पैदा होंगे।”

उन्होंने कहा कि भारत और ओमान के बीच मजबूत साझेदारी हरित विमानन समाधान विकसित करने और हरित ऊर्जा पारितंत्र को मजबूत करने में मदद कर सकती है। एसएएफ को अपनाने की गति बढ़ाने और हरित विमानन का भविष्य बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बहुत जरूरी होगा।

एसएएफ एसोसिएशन के अध्यक्ष और जेडआर2 ग्रुप के संस्थापक जिमी ओल्सन ने कहा कि रुपये में आ रही गिरावट के कारण भारत के लिए एसएएफ बेहद जरूरी है। भारत को सस्ते हरित विमान ईंधन का उत्पादन करना ही होगा।

एसएएफ एसोसिएशन और कार्बन मार्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया सीएमएआई के महासचितव रोहित कुमार ने कहा कि संगठन उद्योग के नेतृत्व वाले सहयोग और वैश्विक साझेदारी के जरिये पूरी एसएएफ मूल्य श्रृंखला को एक साथ लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हरित ईंधन के लिए फीडस्टॉक के मौकों से किसानों की आमदनी में प्रति हेक्टेयर लगभग 160-300 डॉलर (15,000-29,000 रुपये) की बढ़ोतरी हो सकती है।

.....

Next Post

उज्जैन में मचा बवाल , पथराव आंसू गैस छोड़ी ,लाठी चार्ज 

Mon Sep 28 , 2026
उज्जैन। छत्री चौक से गोपाल मंदिर मार्ग चौड़ी करने में शाही मस्जिद के एक हिस्से को तोड़ने की सहमति प्रशासन और कमेटी के बीच बनने के बाद सोमवार सुबह तोड़ने का काम शुरू होते ही कुछ उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और लाठी चार्ज […]

You May Like