भोपाल। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मंत्रालय के पास स्थित वल्लभ नगर झुग्गी बस्ती में खुल के बोल जागरूकता सत्र का आयोजन किया, जिसमें 70 से अधिक किशोरियों को खुल के बोल अभियान से जोड़ते हुए उन्हें माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई.यह अभियान विभाग के परियोजना अधिकारी अखिलेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन संचालित किया जा रहा है. महिला एवं बाल विकास विभाग की बाणगंगा परियोजना के अंतर्गत सहारा साक्षरता एज्यूकेशनल एण्ड सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित खुल के बोल’ अभियान के माध्यम से किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता संबंधी सावधानियों, स्वास्थ्य प्रबंधन तथा सामाजिक भ्रांतियों के प्रति जागरूक बनाना है. अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से समुदाय को जागरूक किया गया. कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए तथा सभी उपस्थित किशोरियों को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए गए.
