भोपाल: कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर आबकारी विभाग ने 26 सितंबर को जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए शराब जब्त की और संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज किए।
जहांगीराबाद क्षेत्र में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सीमा कशीसिया की टीम ने अवध नारायण को अवैध रूप से शराब का परिवहन करते पकड़ा। उसके पास से 30 पाव विदेशी मदिरा वाहन सहित जब्त की गई। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
बैरागढ़-खजूरी सड़क क्षेत्र में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीती उइके की टीम ने अन्नू मेहर की किराना दुकान से 90 पाव देशी शराब और 10 बोतल बीयर जब्त की। वहीं पटेल ढाबा और जलसा रिट्रीट से 3.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा तथा 2.75 बल्क लीटर बीयर बरामद कर कार्रवाई की गई।
रायसेन रोड पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश विश्वकर्मा की टीम ने शमायरा ग्रीन, पेण्डियम, खुशी और आचमन होटल-ढाबों की जांच की। अवैध रूप से शराब पिलाने और सेवन कराने के मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए।
बैरागढ़ और रायसेन रोड के होटल-रेस्टोरेंट तथा शराब दुकानों के आसपास भी जांच कर अवैध अहाते जैसी गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। विभाग ने संबंधित संचालकों को ऐसी गतिविधियां नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
आबकारी विभाग ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और सेवन के खिलाफ जिले में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
