
इंदौर. शिलांग में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच अब इंदौर में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. जांच में खुलासा हुआ है कि हत्याकांड के बाद सबूत मिटाने में इंदौर के एक प्रॉपर्टी ब्रोकर ने आरोपियों की मदद की. आरोप है कि हत्या के कुछ समय बाद वह देवास नाका क्षेत्र स्थित फ्लैट पर पहुंचा और वहां से बैग व अन्य वस्तुएं हटाकर हरे कृष्ण विहार कॉलोनी में ले जाकर जला दीं.
सोनम के इंदौर से रवाना होने के बाद प्रॉपर्टी कारोबारी सिलोम जेम्स फ्लैट पर गया था. उसने फ्लैट खाली करवाने के बाद आरोपियों के कहने पर वहां मौजूद बैग और अन्य सामान बाहर निकाल लिया और उसे कॉलोनी के सुनसान इलाके में ले जाकर आग के हवाले कर दिया. जब पुलिस ने सिलोम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बैग जलाने की बात स्वीकार कर ली. पूछताछ के बाद पुलिस उसे मौके पर लेकर पहुंची, जहां से जले हुए बैग के अवशेष बरामद किए गए हैं. अब पुलिस यह जांच कर रही है कि उस बैग में क्या-क्या था और क्या वह हत्या से जुड़े अहम साक्ष्य हो सकते हैं. प्रारंभिक पूछताछ में शिलांग में पकड़े गए आरोपियों ने बताया था कि फ्लैट खाली करने के बाद उसकी चाबी प्रॉपर्टी ब्रोकर को सौंप दी गई थी. इसके बाद से ही पुलिस सिलोम जेम्स की तलाश कर रही थी. इधर, पुलिस ने इस मामले में एक और गिरफ्तारी की है. बताया गया है कि जिस फ्लैट में आरोपी ठहरे थे, उसके गार्ड को भी अशोक नगर से पकड़ा गया है. जेम्स ने ही उसे फ्लैट की चाबी दी थी. गार्ड भी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से गायब था. अब पुलिस सिलोम जेम्स को शिलांग लेकर जाएगी ताकि मुख्य आरोपियों से आमना-सामना कराकर उससे हत्याकांड में उसकी संलिप्तता की पुष्टि की जा सके. फिलहाल बैग के अवशेषों की जांच के साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं उनमें हत्या से जुड़े तकनीकी या डिजिटल साक्ष्य तो नहीं थे.
