कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय छात्र दीप मिश्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही सचेंडी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दीप मिश्रा सचेंडी थाना क्षेत्र के जुगराजपुर गांव का रहने वाला था। उसके पिता अजय मिश्रा किसान हैं। परिवार में माता-पिता और दो बेटे हैं। बड़ा भाई सत्यम मिश्रा पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात है, जबकि दीप प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने छात्र को ट्रेन के आगे कूदते देखा और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को छात्र के पास से आधे पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने अपने मम्मी-पापा, भाई और बहन से माफी मांगते हुए लिखा- ‘मम्मी-पापा, भैया और बहन मुझे माफ करना।’
फिलहाल छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
