नयी दिल्ली (वार्ता) वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार से 29 सितंबर तक कतर की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनके साथ मंत्रालय के अधिकारियों का एक दल भी है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार इस यात्रा के दौरान श्रीमती सीतारमण सोमवार 28 सितंबर को दोहा में होने वाली एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) के संचालक मंडल की 11वीं सालाना बैठक में भारत की ओर से गवर्नर के रुप में शामिल होंगी।
भारत इस बैंक का दूसरा सबसे बड़ा शेयर धारक है।
इसके अलावा, वह एआईआईबी के अध्यक्ष और जॉर्डन, स्विट्जरलैंड, अल्जीरिया, सऊदी अरब और नेपाल के अपने समकक्षों के साथ अहम द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगी।
इस यात्रा के दौरान वित्त मंत्री के कतर सरकार के नेतृत्व से मुलाकात करने और कतर के व्यापार क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां और निवेशकों के साथ बातचीत करने की भी उम्मीद है।
