सिंगरौली : बारिश के मौसम में सड़क सुरक्षा और वाहनों की निगरानी को लेकर परिवहन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है।कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत परिवहन विभाग ने दो वाहनों में अनियमितताएं मिलने पर उन्हें जप्त कर थाना मोरवा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक आरजे 14 जीक्यू 3498 और बीआर 02 जीडी 7542 की जांच की गई। दोनों वाहनों में नियमों से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। हालांकि जारी जानकारी में इन दोनों वाहनों पर लगाए गए अलग-अलग जुर्माने की राशि स्पष्ट नहीं की गई है।
वहीं खनिज, राजस्व एवं परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में प्रदूषण मानकों का उल्लंघन कर संचालित मालवाहक कोयला और फ्लाई ऐश वाहनों की भी जांच की जा रही है। विभाग के अनुसार सितंबर माह में आज दिन शनिवार तक ऑनलाइन एवं ऑफ लाइन माध्यम से कुल 11 लाख 48 हजार रुपये का शासकीय राजस्व एकत्रित किया गया है। अतिवृष्टि और कम दृश्यता को देखते हुए सिंगरौली आरटीओ जांच चौकी पर मालवाहक एवं यात्री वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। कार्रवाई में बाधा डालने या कर्मचारियों से अभद्रता पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
