
सीहोर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार को पार्वती नदी में बड़ा हादसा हो गया. मुंडला गांव के पास स्थित घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचा बिजोरी निवासी 27 वर्षीय ललित नागर तेज बहाव में बह गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया. एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा. रविवार की सुबह फिर उसकी तलाश शुरू की जाएगी.
जानकारी के अनुसार ग्राम बिजौरी निवासी ललित नागर शनिवार सुबह करीब 11 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए मुंडला गांव के पास पार्वती नदी के घाट पर पहुंचा था. बताया जाता है कि उसी के ट्रैक्टर- ट्राली में गणेश प्रतिमा को ले जाया गया था. ललित ही टै्रक्टर चलाकर पार्वती नदी तक पहुंचा था. बताया जाता है कि विसर्जन के दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बह गया. लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग घाट पर जमा हो गए.
हादसे के बाद एक बार फिर गणेश विसर्जन के दौरान नदी और जलाशयों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. एएसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. रविवार को एक बार फिर उसकी तलाश शुरू की जाएगी. गौरतलब है कि गणेश विसर्जन के दौरान शुक्रवार को भी अहमदपुर थाना क्षेत्र के सीलखेड़ा में ऐसा ही हादसा हुआ था. यहां प्रतिमा विसर्जन के दौरान खदान के पानी में डूबने से 16 वर्षीय अतुल अहिरवार की मौत हो गई थी. लगातार दूसरे दिन विसर्जन के दौरान हुए हादसे से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
