
अलीराजपुर, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत 7वें शिविर का आयोजन जनपद पंचायत उदयगढ़ परिसर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
शासन की योजनाओं का लाभ लेकर परिवार का भविष्य सुरक्षित बनाएं – मंत्री श्री चौहान
कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं धरातल पर संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण करने तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से स्व-सहायता समूह, आयुष्मान भारत, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का सही उपयोग कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
सामाजिक कुरीतियों को दूर करने सामूहिक प्रयास जरूरी
मंत्री श्री चौहान ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं। कम उम्र में विवाह होने से जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने शराब के बढ़ते सेवन, बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा के कारण कई परिवारों पर आर्थिक बोझ और कर्ज बढ़ रहा है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को मिलकर इन कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता लानी होगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कलेक्टर ने दी योजनाओं की जानकारी, ग्रामीणों से प्राप्त किए आवेदन
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभ की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की। शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनासे, अनुविभागीय अधिकारी श्री मनोज गरवाल, जनप्रतिनिधि श्री विशाल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
