आडवाणी छाती में संक्रमण के कारण दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार श्री आडवाणी (98) को आज शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया और फेफड़ों से संबंधित विभाग में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।

अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि श्री आडवाणी की हालत स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके इलाज के बारे में और वे कितने दिन अस्पताल में रहेंगे, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

भारत में भाजपा को एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले श्री आडवाणी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में 2002 से 2004 तक उप प्रधानमंत्री रहे।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में भी काम किया और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार तथा राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते प्रभाव के महत्वपूर्ण दौर में भाजपा अध्यक्ष भी रहे।

आठ नवंबर 1927 को जन्मे श्री आडवाणी ने कई दशकों तक भाजपा की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक ढांचे को आकार देने में प्रमुख भूमिका निभाई।

श्री आडवाणी बाद के वर्षों में धीरे-धीरे सक्रिय चुनावी राजनीति से दूर हो गए। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को देखते हुए 2024 में श्री आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया।

 

Next Post

वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस

Sat Oct 17 , 2026
सतना: मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को सतना में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया. विधायक व जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा और शहर अध्यक्ष आरिफ इकबाल सिद्दीकी के नेतृत्व में निकाली […]

You May Like

Play sound