
देवास। मुखर्जी नगर क्षेत्र में शनिवार को एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे पटरी पर घायल अवस्था में मिली। घायल युवती की पहचान संगीता पिता अशोक राठौर (उम्र 17 वर्ष, निवासी मुखर्जी नगर) के रूप में हुई है। उसे गंभीर अवस्था में जीआरपी पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान इंदौर की ओर जा रहा एक रेल इंजन आया और वह उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद आरपीएफ उपनिरीक्षक संजय मीणा ने इंजन चालक और गार्ड से पूछताछ की।
गार्ड रूपेश के अनुसार, लड़की पटरी के बीच चल रही थी। इंजन चालक ने लगातार हॉर्न बजाए और इमरजेंसी ब्रेक भी लगाए, लेकिन युवती ट्रैक से नहीं हटी और हादसा हो गया।
वहीं दूसरी ओर, परिजनों ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दो से तीन युवक आए और युवती को कुछ सुंघाकर बेहोश किया, इसके बाद उसे रेलवे पटरी पर छोड़ दिया गया। जब आसपास के लोगों ने देखा तो युवती घायल अवस्था में पड़ी थी।
फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ दोनों टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। इंजन चालक और गार्ड के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। साथ ही, पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए जांच में तेजी लाने की अपील की है।
