कुसमी :विकासखंड कुसमी क्षेत्र में धान की फसल में कीट-व्याधि के संक्रमण की सूचना मिलने पर कृषि विभाग हरकत में आ गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 सितंबर को ग्राम भगवार में फसलों में फैले रोग और कीट-व्याधि का जमीनी स्तर पर अवलोकन करने के लिए कृषि अधिकारियों का दल मौके पर पहुंचा। इस दौरान उपसंचालक कृषि आर.एस. गुप्ता एवं श्रीमती हीराबाई सिंह सभापति द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त रूप से भ्रमण व निरीक्षण किया गया।
भ्रमण के दौरान स्थानीय किसान भाई एवं कृषि विभाग के मैदानी कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कृषि अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए किसानों से अपील की है कि वे अपनी धान की फसल का सतत निरीक्षण करते रहें। उन्होंने जोर देकर कहा कि फसल को बड़े नुकसान से बचाने के लिए कीट-व्याधि का समय रहते सही उपचार और निदान करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विभाग द्वारा किसानों को रोग की रोकथाम हेतु तकनीकी सलाह भी दी जा रही है।
