भोपाल। स्टेशन बजरिया स्थित 1008 श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर में पर्युषण महापर्व के समापन अवसर पर अनंत चतुर्दशी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा की। इसमें नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मंदिर अध्यक्ष राजीव पंचरत्न एवं सचिव नरेंद्र जैन ने बताया कि अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान वासुपूज्य के मोक्ष निर्वाण कल्याणक की स्मृति में धार्मिक अनुष्ठान किए गए। श्रद्धालुओं ने निर्वाण लड्डू अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शुक्रवार दोपहर 1 बजे श्रीजी की भव्य शोभायात्रा एवं जल यात्रा निकाली गई। यात्रा महावीर दिगंबर जैन मंदिर, बजरिया से प्रारम्भ होकर 80 फीट रोड होते हुए मांगलिक भवन पहुंची। यहां अभिषेक, शांतिधारा, पूजा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।
