हैदराबाद, 11 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना में रंगा रेड्डी ज़िले के शबाद मंडल के दैवालागुडा गाँव में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों सहित छह लोगों की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजकुमार को पहले ‘बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण’ (पॉस्को) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी गत 16 मई को एक नाबालिग लड़की और उसकी माँ की शिकायत पर हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसने लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। बाद में उसे ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि राजकुमार सबसे पहले चाकू लेकर पीड़ित के घर गया और कथित तौर पर नाबालिग लड़की, उसकी माँ लक्ष्मी और उसकी दादी रुक्कम्मा (65) पर हमला किया जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी अपने घर लौटा और कथित तौर पर अपनी पत्नी सरिता (30) और पाँच साल से कम उम्र के अपने दो बेटों पर हमला किया जिससे तीनों की भी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी के माता-पिता ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस आयुक्त तरुण जोशी और उपायुक्त योगेश गौतम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल हॉस्पिटल भेजा गया। मामले में आगे की जाँच जारी है।
