भोपाल सेंट्रल जेल में प्रदेश का पहला साइको-सोशल केयर सेंटर शुरू

भोपाल। मध्यप्रदेश के जेल विभाग और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू), गांधीनगर, गुजरात के बीच अगस्त में हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत ‘प्रोजेक्ट प्रहरी’ के अंतर्गत केंद्रीय जेल, भोपाल में प्रदेश के पहले ‘साइको-सोशल केयर सेंटर’ की स्थापना की गई है। सेंटर का शुभारंभ जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने किया।

सेंटर का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, तनाव और अन्य मनोवैज्ञानिक चुनौतियों से जूझ रहे बंदियों को परामर्श, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से तनाव एवं अवसाद कम करने, हिंसक व्यवहार की संभावनाओं पर नियंत्रण तथा बंदियों में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आरआरयू के सहयोग से प्रशिक्षित जेल अधिकारी एवं कर्मचारी बंदियों की मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्याओं का आकलन कर उन्हें उचित परामर्श एवं मार्गदर्शन देंगे। आत्मनियंत्रण, सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक दृष्टिकोण और व्यवहार में सुधार के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

सेंटर के कार्यों और परिणामों का मूल्यांकन करने के बाद इस पहल को प्रदेश की अन्य जेलों में चरणबद्ध तरीके से लागू करने का प्रस्ताव है।

इस अवसर पर आरआरयू भोपाल के निदेशक डॉ. राकेश सिंह कुंवर, प्रदीप रुसिया, शुभम जैन, ओम तिवारी, सुमित रघुवंशी, जेल अधीक्षक मनेन्द्र परिहार सहित आरआरयू के सदस्य, जेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Next Post

बारिश के बीच देर रात तक जारी रहा गणेश विसर्जन, व्यवस्था में जुटा पुलिस-प्रशासन

Sat Sep 26 , 2026
दमोह: बारिश के दौरान भी भगवान श्री गणेश का विसर्जन दमोह शहर के फुटेरा तालाब, बेलाताल, राज नगर, मुकेश नायक कॉलोनी, पुराना तालाब के अलावा अन्य तालाबों में देर रात तक जारी रहा।अभी दमोह शहर के फुटेरा तालाब पर क्रेन और नाव के माध्यम से विसर्जन का सिलसिला जारी है। […]

You May Like