
शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र से सामने आया कथित अपहरण का मामला पारिवारिक विवाद निकला. यहां के फतेहपुर इलाके का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने शहर की एक युवती और उसके बच्चे का अपहरण कर लिया. वीडियो में नकाबपोश युवती को खींचकर ले जाते हुए नजर आए. वहीं, युवती के परिजनों की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो कहानी में नया मोड़ आया.
घटना के कुछ देर बाद युवती की मां नीलम ने सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत की. इसमें युवती की मां ने पुष्पेंद्र चौहान नामक युवक पर अपहरण के आरोप लगाए. थाना प्रभारी रोहित दुबे ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच शुरू की तो पता चला कि युवक कोई और नहीं बल्कि युवती का पति था और ये पूरा मामला पारिवारिक विवाद है. युवती की मां ने युवती के पति पर मारपीट के आरोप लगाए और कहा कि इसी वजह से वह शिवपुरी आकर रहने लगी थी और उसके साथ वापस नहीं आना चाहती थी, इसके बाद पुष्पेंद्र ने नकाबपोश बदमाशों के साथ युवती और उसके बच्चे का अपहरण कर लिया.
*युवती बोली मर्जी से गई हूं*
युवती के कथित अपहरण मामले में एक और ट्विस्ट आ गया है. युवती की मां ने जहां थाने जाकर अपहरण की शिकायत की, तो वहीं युवती का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने कहा है कि वह अपनी मर्जी से पति के साथ गई है और उल्टा परिजनों पर ही झूठा केस लगाने की बात कहती नजर आ रही है. वीडियो में उसका यह भी कहना कि उसने खुद पति को मैसेज कर बुलाया था. हालांकि, वीडियो और युवती के बयान में विरोधाभास नजर आ रहा है.
