जबलपुर: खितौला थाना अंतर्गत बस स्टैंड पर वीडियो बनाने का विरोध करने पर बदमाशों ने एक लोडिंग ऑटो चालक का अपहरण कर लिया। आरोपी पीडि़त को जबरदस्ती बाइक पर बिठाकर स्टेडियम और कृषि उपज मंडी ले गए, जहां बेल्ट और चाकू की नोंक पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। नगदी रकम लूटने के बाद बदमाशों ने युवक को छोडऩे के एवज में 10 हजार रुपये की फिरौती मांगी और अंत में ऑनलाइन 6,000 ट्रांसफर करवाने के बाद ही उसे छोड़ दिया। पुलिस ने पीडि़त की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नया मोहल्ला सिहोरा निवासी मोहम्मद सोहेल रंगरेज (23) लोडिंग ऑटो चलाता है। बीती रात वह अपनी गाड़ी खड़ी करने खितौला बस स्टैंड गया था। वहां उसका दोस्त अमन कोरी अपनी बहन के साथ खड़ा था। तभी लखराम मोहल्ला निवासी विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल और आशू कुम्हार बाइक से आए और अमन की बहन का वीडियो बनाने लगे। अमन की बहन और सोहेल द्वारा विरोध करने पर आरोपी विवाद करते हुए देख लेने की धमकी देकर चले गए।
बाइक पर जबरन बिठाकर किया अपहरण
कुछ ही देर बाद तीनों आरोपी अपने अन्य साथियों अजीत कोल, दीपक कोल, सज्जू कोल और एक 16 वर्षीय किशोर के साथ दो बाइकों पर वापस आए। आरोपियों ने आते ही सोहेल को घेर लिया और मारपीट करते हुए जबरन अजीत कोल की मोटरसाइकिल पर बीच में बिठाकर अगवा कर लिया। आरोपी उसे पहले स्टेडियम ले गए और वहां लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा।
बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जेब से छीने नगदी
स्टेडियम में मारपीट के बाद आरोपी सोहेल को बंधक बनाकर कृषि उपज मंडी पहरेवा ले गए। वहां अजीत कोल ने बेल्ट निकालकर सोहेल के हाथ, पीठ और कनपटी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसी बीच विक्की कोल ने चाकू निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी और दहशत फैलाने के लिए मारपीट का लाइव वीडियो भी बनाया। आरोपी अजीत ने सोहेल की जेब में रखे 2,600 नगद भी लूट लिए। बदमाशों ने सोहेल को बंधक बनाकर छोड़ देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। जान का खतरा देख सोहेल ने अपनी मां शबाना बी को फोन किया। मां ने छोटे भाई शोएब से बात कराई। सोहेल की जान बचाने के लिए शोएब तुरंत कृषि उपज मंडी पहुंचा। वहां बदमाशों ने दीपक कोल के नंबर पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। शोएब ने तुरंत 6,000 ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
गेट कूदकर बचाई जान, भाई को भी पीटा
पैसे ट्रांसफर होने के बाद सोहेल मौका पाकर मंडी का बाजू वाला गेट कूदकर अपनी जान बचाकर भागा। इसके बाद आरोपियों ने पैसे देने आए छोटे भाई शोएब को भी घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। शोएब भी किसी तरह खुद को बचाकर घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
इन्हें भेजा गया जेल
खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि आरोपी अजीत कोल पिता राजेश कोल 22 वर्ष, दीपक कोल पिता रमेश कोल 25 वर्ष, विक्की उर्फ विकास कोल पिता गुड्डू कोल 19 वर्ष, ओम कोल पिता नरेश कोल 19 वर्ष, आशू कुमार पिता प्रेमलाल कुम्हार, संजू कोल पिता सुनील कोल 19 वर्ष सभी निवासी वार्ड नं. 14 लखराम मोहल्ला खितौला को दबोचा गया। आरोपियों के कब्जे से छीने हुये नगदी रूपये मे से नगद 2600 रूपये, घटना मे प्रयुक्त 4 मोबाईल, 2 मोटर सायकिल, चाकू, बैल्ट जप्त किया गया। सभी आरोपियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार करते हुये न्यायालय के समक्ष पेश करते हुये न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया गया।
