इंदौर: नगर निगम के वाहन पार्किंग स्थल पर धार्मिक आयोजन की तैयारी के लिए खड़े किए 15 वाहनों को दूसरी जगह भेजना महंगा पड़ गया. लक्ष्मीबाई नगर स्थित फायर स्टेशन परिसर में खड़े इन वाहनों में से 11 की बैटरियां रात में चोरी हो गईं. सुबह वाहन चलाने पहुंचे कर्मचारियों को इसका पता चला तो हड़कंप मच गया. कचरा वाहनों में दूसरी गाड़ियों की पुरानी बैटरियां लगाकर उन्हें काम पर भेजा गया, जिससे सफाई व्यवस्था शुरू होने में दो घंटे से ज्यादा की देरी हुई.
मामला पश्चिम क्षेत्र में इंदौर वायर किला मैदान रोड स्थित निगम के वाहन पार्किंग प्रांगण का है. यहां सुंदरकांड पाठ, महाआरती और भंडारे का आयोजन था. आयोजन की तैयारी के लिए एक दिन पहले टेंट लगाने और खाना बनाने का काम शुरू हो गया था. पार्किंग में जगह खाली करने के लिए निगम के 15 वाहन वहां से हटाकर पुलिस फायर स्टेशन, लक्ष्मीबाई नगर में खड़े कर दिए गए थे. अगली सुबह कर्मचारियों ने वाहन संभाले तो 11 वाहनों की बैटरियां नहीं थीं. इनमें कचरा वाहन और अन्य बड़े वाहन शामिल हैं. बैटरी के बिना वाहन नहीं चल सके, इसलिए कर्मचारियों ने दूसरी गाड़ियों से पुरानी बैटरियां निकालकर काम चलाया.
इसी वजह से कचरा उठाने वाले वाहनों को रवाना करने में दो घंटे से अधिक समय लग गया. चोरी की शिकायत लेकर निगम के जिम्मेदार एरोड्रम थाने पहुंचे तो वहां पुलिस से उनकी बहस भी हो गई. जिस परिसर में वाहन खड़े किए गए थे, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की बात भी सामने आई है. अब सवाल यह उठ रहा है कि निगम के वाहन नियमित पार्किंग से हटाकर दूसरी जगह किसकी अनुमति से खड़े किए गए थे और वहां उनकी सुरक्षा की क्या व्यवस्था थी. फिलहाल बैटरियां चोरी होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई और शिकायत दर्ज होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
