
नीमच। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों ग्राम चल्दू नदी, बोरखेड़ी नदी एवं संजीवनी घाट जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन स्थलों पर क्रेन, नाव, गोताखोर, एसडीआरएफ टीम, चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस सहित की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीम को विसर्जन के दौरान सतर्क एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक संसाधन एवं बचाव दल मौके पर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल,एसडीएम श्री पराग जैन,सीएसपी श्रीमती किरण चौहान,तहसीलदार श्री संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल, स्थानीय सरपंच एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
