नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चीनी का औसत भाव गिर गया। चीनी के साथ चावल और दालों में भी नरमी रही। गेहूं के भाव स्थिर रहे जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 65 रुपये टूटकर 5,211 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गुड़ की कीमत 43 रुपये घटकर 5,909 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 81 पैसे उतरकर 56.70 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 12 रुपये गिरकर 4,160 रुपये प्रति क्विंटल रही। गेहूं 2,872 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे का भाव छह रुपये घट गया।
दाल-दलहनों में भी नरमी रही। मूंग दाल की औसत कीमत 34 रुपये और मसूर दाल की 26 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई। उड़द दाल में 23 रुपये और तुअर दाल में 17 रुपये की गिरावट रही। चना दाल सात रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा तीन रिंगिट चढ़कर 4,771 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.25 प्रतिशत लुढ़ककर 67.64 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजार में मूंगफली तेल औसतन 21 रुपये और सोया तेल 14 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुआ। सरसों तेल 51 रुपये और सूरजमुखी तेल 38 रुपये फिसल गया। पाम ऑयल 32 रुपये और वनस्पति 20 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया।

