नई दिल्ली, 23 सितंबर।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई जिम्मेदारियों के तहत विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में प्रदेश महामंत्री संगठन, प्रदेश सह महामंत्री संगठन और संगठन की अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची में मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है, जिनका केंद्र हैदराबाद रहेगा। दशरथ को तेलंगाना में प्रदेश सह महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी दी गई है और उनका केंद्र वारंगल होगा।
इसी क्रम में रविंद्र राजू को असम और त्रिपुरा के साथ कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है, उनका केंद्र गुवाहाटी रहेगा। भीखुभाई दलसानिया को बिहार, श्री पवन साई को झारखंड और सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश का प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया गया है।
वहीं रत्नाकर को गुजरात तथा दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव, फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड और पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा की जिम्मेदारी मिली है।
सूची में कर्मवीर को छत्तीसगढ़, चन्द्रशेखर को मध्य प्रदेश, मानस मोहंती को ओडिशा, श्रीनिवासुलु को पंजाब-चंडीगढ़, धर्मपाल को उत्तर प्रदेश और अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है।
इसके अलावा अभय गिरी को ब्रज क्षेत्र तथा अनंत नारायण मिश्र को भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र का संगठनात्मक दायित्व सौंपा गया है।
