जबलपुर।घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर चौक पर बाइक सवार बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दनादन दो बम दाग दिए। बम सीधे घर की बालकनी में जाकर फटे, जिससे जोरदार धमाके के साथ चारों तरफ छर्रे और पत्थर फैल गए। गनीमत रही कि बालकनी में टहल रहे गृहस्वामी बाल-बाल बच गए, हालांकि विस्फोट से वहां रखा फिश पॉट चकनाचूर हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कांचघर चौक निवासी बृजेन्द्र सिंह (47) बालकनी में टहल रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल उनके घर के सामने आकर रुकी। बाइक पर तीन युवक सवार थे, जिनमें से दो ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। बाइक पर पीछे बैठे जिस युवक का चेहरा खुला था, वह इलाके का ही ऐश्वर्य नाहर था। बाइक रुकते ही ऐश्वर्य और उसके एक नकाबपोश साथी ने हाथों में लिए हुए देसी बम एक के बाद एक बालकनी की तरफ फेंके।
बम फटते ही पूरा इलाका दहल उठा और चारों तरफ धुआं गुबार छा गया। बम के छर्रे लगने से बालकनी में रखा कांच का फिश पॉट टूट गया। वारदात के बाद तीनों बदमाश हवा में हाथ लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए रफूचक्कर हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित बृजेन्द्र सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी ऐश्वर्य नाहर व उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
