40 हजार के कर्ज पर 8 हजार और मांगने से परेशान युवक ने फांसी लगाई

इंदौर: छत्रीपुरा क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि कर्ज और ब्याज के लेन-देन को लेकर महिला उस पर लगातार दबाव बना रही थी और जान से मारने की धमकी भी दे रही थी. घटना से पहले युवक को महिला द्वारा बुलाए जाने की बात भी सामने आई है.घटना बारा भाई मोहल्ले की है, मृतक की पहचान सुरेंद्र पुत्र सुनील के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को सुरेंद्र के बच्चों ने उसे फंदे पर लटका देखा.

उन्होंने बड़े पिता गणेश को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सुरेंद्र पेंटर और ढोल बजाने का काम करता था. उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं. सुरेंद्र के बड़े भाई गणेश ने पुलिस को बताया कि इलाके में रहने वाली भूरी नाम की महिला ब्याज पर रुपए देती है. करीब तीन महीने पहले सुरेंद्र ने उससे 40 हजार रुपए लिए थे. परिवार का दावा है कि सुरेंद्र यह रकम ब्याज सहित लौटा चुका था, लेकिन महिला 8 हजार रुपए और बकाया होने की बात कह रही थी.

इसी लेन-देन को लेकर बुधवार को महिला ने सुरेंद्र को बुलाया था. आरोप है कि वहां उसे अपमानित किया और लेन देन को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. परिवार ने महिला पर मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. छत्रीपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है. मामले में थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव का कहना है कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और महिला पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

कैफे में पैर लगने पर विवाद, युवक को चार साथियों ने बेल्ट-लात से पीटा

Thu Sep 24 , 2026
इंदौर. कैफे में बैठे युवक को पैर लगने के बाद माफी मांगने पर भी विवाद खत्म नहीं हुआ. गाली देने से मना करने पर चार युवकों ने एक युवक से मारपीट कर दी. बेल्ट और लात-घूंसों से हुए हमले में युवक की पसली, सिर, कोहनी और आंख में चोट आई.मानपुर […]

You May Like