इंदौर. कैफे में बैठे युवक को पैर लगने के बाद माफी मांगने पर भी विवाद खत्म नहीं हुआ. गाली देने से मना करने पर चार युवकों ने एक युवक से मारपीट कर दी. बेल्ट और लात-घूंसों से हुए हमले में युवक की पसली, सिर, कोहनी और आंख में चोट आई.मानपुर के ओडवा रोड निवासी 21 वर्षीय अजय अपनी बहन के कॉलेज में पढ़ने वाले कान्हा, डुग्गू और अमन के साथ अभिव्यक्ति कैफे, सेज कॉलेज के पास बैठा था.
इस दौरान अजय का पैर गलती से अमन को लग गया. अजय ने इसके लिए माफी मांग ली, लेकिन अमन गाली-गलौज करने लगा. अजय ने गाली देने से मना किया तो अमन, कान्हा और अन्य साथियों ने लात घूंसों से मारपीट शुरू कर दी. डुग्गू ने बेल्ट से भी पीटा. हमले में अजय की बाईं तरफ पसली, सिर के पीछे, बाएं हाथ की कोहनी और दाईं आंख में चोट आई. शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. मामले में थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम का कहना है कि घायल का इलाज कराया गया है और शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
