सतना : शहर से सटे तिघरा मोड़ के निकट हुए हादसे में एक आटो चालक की मौत हो गई. सडक़ पर अचानक सामने आए व्यक्ति को बचाने के लिए ट्रक चालक ने जैसे ही ब्रेक मारी. वैसे ही पीछे-पीछे चल रहा आटो सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा.प्राप्त जानकारी के अनुसार आटो क्र. एमपी 19 आर 2484 में प्लाई लोड कर सतना से मैहर की ओर जाने के लिए निकले आटो चालक जैसे ही तिघरा मोड़ के निकट पहुंचे वैसे ही उन्हें आगे एक ट्रक जाता दिखाई दिया. लिहाजा वे अपने आटो को लेकर ट्रक के पीछे-पीछे चलने लगे.
बताया गया कि कुछ दूर आगे चलने के बाद सडक़ किनारे खड़ा एक व्यक्ति अचानक ही बीच सडक़ पर आ गया. जिसे देख ट्रक चालक ने उसे बचाने के चक्कर में तेजी से ब्रेक मारा. तेजी से ब्रेक मारने के कारण सडक़ पर आया व्यक्ति तो साफ बच गया. लेकिन ठीक पीछे-पीछे चल रहा आटो रोक नहीं पाया और देखते ही देखते वह ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा. गंभीर तौर पर चोटिल आटो चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक आटो चालक की पहचान शहर के नजीराबाद बस स्टैण्ड निवासी अकरम खान के तौर पर हुई. पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
