बरगवां : करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा बरगवां ओवरब्रिज अब सुविधा से ज्यादा परेशानी का कारण बनता जा रहा है। करीब चार साल से निर्माणाधीन यह ओवरब्रिज अब तक पूरा नहीं हो सका है।वहीं निर्माण स्थल और आसपास के हिस्से में करीब एक महीने से पानी जमा होने के कारण व्यापारियों और राहगीरों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पानी, कीचड़, बदबू और मच्छरों के बीच दुकानदार कारोबार करने को मजबूर हैं।
बरगवां ओवरब्रिज का निर्माण वर्षों से जारी है। निर्माण की सुस्त रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से नाराजगी है। अब जलभराव ने स्थिति और बिगाड़ दी है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर पानी निकासी जैसी बुनियादी व्यवस्था तक ठीक नहीं है। पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। गंदगी और बदबू के बीच दुकानदारों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
व्यापारियों ने निर्माण एजेंसी पर उठाया सवाल
व्यापारियों का कहना है कि निर्माण के कारण पहले ही कारोबार प्रभावित है, ऊपर से जलभराव के चलते ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से बच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब एक महीने से पानी जमा है तो जिम्मेदारों ने अब तक इसकी निकासी क्यों नहीं कराई। बारिश के मौसम को देखते हुए पहले से जलनिकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की गई, व्यापारियों और लोगों की मांग है कि तत्काल जमा पानी हटाया जाए, सफाई और मच्छर नियंत्रण की व्यवस्था कराई जाए तथा ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाई जाए। चार साल का इंतजार अब लंबा हो चुका है। जनता का सीधा सवाल है कि ओवरब्रिज कब पूरा होगा और बरगवां को इस परेशानी से राहत आखिर कब मिलेगी?
