सतना :अजब एमपी के गजब सतना में बुधवार की सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने लोगों को अपना सिर पीटने के लिए मजबूर कर दिया. दुकान का ताला तोडक़र सामान उड़ाने के बाद चोर ने वहां पर अपना ताला लगा दिया. जिसके चलते सुबह घंटों परेशान होने के बाद जब दुकान संचालक ने ताला तुड़वाया तब कहीं जाकर चोरी का पता चला.शहर के पुरानी गल्ला मण्डी क्षेत्र में बनारसी भोजनालय के पीछे स्थित अग्रवाल इलेक्ट्रानिक्स के संचालक हर रोज की तरह बुधवार को भी अपनी दुकान पर पहुंचे. हर रोज की तरह उन्होंने अपनी चाबी के जरिए दुकान का ताला खोलने का प्रयास किया.
लेकिल काफी देर तक मशक्कत करने के बावजूद भी जब चाबी दुकान के ताले में फिट नहीं बैठी तो उनका माथा ठनका. ध्यान से देखने को मालुम हुआ कि यह तो काई दूसरा ही ताला उनकी दुकान पर लटक रहा है. लिहाजा कुछ देर बाद ताला तुड़वाया गया. शटर खोलने पर मालुम हुआ कि चोरी हो चुकी है. दुकान संचालक के अनुसार संभवत: देर रात कोई अज्ञात चोर दुकान का ताला तोडक़र अंदर घुसा होगा. दुकान के अंदर रखे सामान को अपने साथ ले जाने के साथ ही चोर ने अपना ताला लगा दिया होगा. संचालक के अनुसार त्योहारी सीजन शुरु होने के चलते इलेक्ट्रानिक्स आइटम व लाइटिंग के सामान का स्टॉक करना शुरु कर दिया गया है. चोर द्वारा दुकान में रखे कीमती लाइटिंग के सामान को चुरा लिया गया. जिसके चलते घटना की शिकायत कोतवाली में की गई. पुलिस द्वारा सीसीटीवपी फुटेज के जरिए आरोपी को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है.
