जबलपुर: घमापुर में एक छात्रा को अकेले पाकर एक युवक ने उसकी बेरहमी से पिटाई की बल्कि उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। बीच-बचाव करने आए युवती के भाई को भी आरोपी ने जमकर पीटा और युवती का मोबाइल तोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सोनिया चौधरी पढ़ाई के साथ-साथ प्रहलाद ज्वैलर्स में काम करती है।
दुकान के संचालक ने उसे किसी काम से अपने घर भेजा था। युवती जब वहां पहुंची, तो वह घर में अकेली थी। उसी दौरान वहां दीपांशु नाहर नाम का युवक जबरन घर के अंदर दाखिल हो गया। वह युवती को देखते ही विवाद करने लगा। जब सोनिया ने इसका विरोध किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने सोनिया को लात-घूंसों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। दीपांशु ने सोनिया का गला दबा दिया, जिससे उसके गले पर नाखूनों के गहरे जख्म और खरोंचें आ गईं।
आरोपी के चंगुल से किसी तरह छूटकर सोनिया ने तुरंत अपने भाई प्रियांश उर्फ अंशू चौधरी को फोन किया और रोते हुए आपबीती बताई। बहन की जान खतरे में देख प्रियांश आनन-फानन में मौके पर पहुंचा। लेकिन बेखौफ आरोपी दीपांशु नाहर ने प्रियांश पर भी हमला कर दिया और उसके साथ भी जमकर मारपीट की।मारपीट के दौरान आरोपी ने सोनिया के हाथ से उसका छीन लिया और उसे जमीन पर पटककर चकनाचूर कर दिया। इसके बाद उसे धमकाते हुए चला गया।
