ट्रंप ने जिनपिंग के लिए बिछाया रेड कार्पेट, 10 साल बाद अमेरिका पहुंचे चीनी राष्ट्रपति, आज करेंगे अहम बैठक

Trump Xi Jinping Meeting 2026: वाशिंगटन,  शी जिनपिंग के अमेरिका दौरे पर डोनाल्ड ट्रंप ने एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। तीन दिवसीय यात्रा में व्यापार, AI, ईरान युद्ध और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी।

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग बुधवार को करीब 10 साल बाद अमेरिका पहुंचे। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रोटोकॉल तोड़कर उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे। अमेरिका में किसी विदेशी नेता के लिए राष्ट्रपति का एयरपोर्ट पहुंचना बेहद दुर्लभ माना जाता है। जिनपिंग अमेरिका के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर हैं। ईरान युद्ध और टैरिफ के तनाव के बीच इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।

डोनाल्ड ट्रंप इस दौरे की अहमियत को समझते हैं, यही कारण है कि वे अपनी पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के साथ चीनी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत करने वॉशिंगटन के बाहर स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज एयरबेस पहुंचे। ट्रंप ने जिनपिंग का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जिनपिंग को एयरपोर्ट पर ही सैन्य सम्मान भी दिया गया।

दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहतर करने की कोशिश
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद से ही चीन और अमेरिका के रिश्ते काफी तनावपूर्ण रहे हैं। खासकर टैरिफ को लेकर दोनों देशों के बीच काफी नोकझोंक देखने को मिली थी। ऐसे में जिनपिंग का अमेरिका दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिए काफी अहम साबित हो सकता है। रेड कार्पेट, भव्य स्वागत, सैन्य सम्मान, F-22 और F-16 लड़ाकू विमानों की मौजूदगी और बी-1 बॉम्बर फ्लाईपास्ट के बीच शुरू हुए इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ईरान और वैश्विक रणनीतिक मुद्दों पर संवाद को आगे बढ़ाना है।

ट्रंप ने एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत
वॉशिंगटन के जॉइंट बेस एंड्रयूज एयरबेस पर जैसे ही जिनपिंग का विमान पहुंचा, ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने उनका स्वागत किया। चीनी राष्ट्रपति अपनी पत्नी के साथ विमान से उतरे, जहां दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया। इसके बाद ट्रंप और शी जिनपिंग रनवे पर साथ खड़े हुए और सैन्य बैंड ने अमेरिका और चीन के राष्ट्रगान बजाए गए। इस पूरे कार्यक्रम को विशेष रूप से तैयार किया गया था। इसे अमेरिका द्वारा उच्च स्तर के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

चीनी राष्ट्रपति का यह दौरा तीन दिन तक चलेगा। सबसे पहले गुरुवार को व्हाइट हाउस में उनके सम्मान में एक भव्य स्टेट बैंक्वेट का आयोजन किया जाएगा। इसमें ट्रंप प्रशासन के बड़े नेताओं समेत अमेरिका के प्रमुख उद्योगपति, टेक्नोलॉजी क्षेत्र के दिग्गज और विशेष अतिथि शामिल होंगे। इसके बाद ट्रंप और जिनपिंग के बीच अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता होगी। दौरे के आखिरी दिन ट्रंप और शी जिनपिंग अपनी पत्नियों के साथ व्हाइट हाउस में चाय पर मुलाकात करेंगे। इसके अलावा दोनों दंपति नेशनल आर्काइव्स जाएंगे जहां अमेरिका की ऐतिहासिक स्वतंत्रता घोषणा सुरक्षित रखी गई है।

व्यापार और AI पर होगी अहम चर्चा
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वैश्विक सुरक्षा और ईरान युद्ध को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि AI को लेकर दोनों देशों के बीच किसी बड़े समझौते की संभावना कम है। क्योंकि AI को लेकर वैश्विक पटल पर मुख्य प्रतिस्पर्धा अमेरिका और चीन के बीच ही है।

Next Post

बंगाल में निवेश की योजनाओं के बीच गौतम अडानी ने कालीघाट में की पूजा

Thu Sep 24 , 2026
कोलकाता, 24 सितंबर (वार्ता) अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने गुरुवार सुबह कोलकाता के कालीघाट मंदिर में अपनी पत्नी के साथ पूजा-अर्चना की। वे पश्चिम बंगाल में बड़े निवेश की संभावनाओं पर विचार करने की अपनी ग्रुप की योजनाओं के सिलसिले में राज्य में आए है। अडानी का यह […]

You May Like