प्लॉटधारकों ने बिल्डर पर जमीन हड़पने का लगाया आरोप

जबलपुर। रामनगरा क्षेत्र में प्लॉट खरीदने वाले लोगों ने बिल्डर समेत अन्य लोगों पर उनकी जमीन पर कब्जे का प्रयास करने, रास्ता खोदने और प्लॉटों की सीमाएं तोड़ने का आरोप लगाया है। मामले में कलेक्टर को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने और प्लॉट तक पहुंच का रास्ता खुलवाने की मांग की गई है। शिकायत के अनुसार खसरा नंबर 99/3 में निजी ले-आउट के आधार पर प्लॉट खरीदने के बाद रजिस्ट्री कराकर कब्जा दिया गया था। प्लॉटधारकों का आरोप है कि पीछे की करीब 18 एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद से उनका कोई संबंध नहीं होने के बावजूद उनके प्लॉटों तक जाने वाला रास्ता खोद दिया गया और लगाए गए खंभे तोड़ दिए गए।शिकायत में कहा गया है कि प्लॉटधारकों ने निर्माण के लिए नगर निगम की अनुमति नहीं मिलने तक काम शुरू नहीं किया था और केवल सीमांकन के लिए छोटी नींव डाली थी। आरोप है कि इसे भी तोड़ दिया गया तथा प्लॉट में रखी ईंट, गिट्टी और रेत हटाकर बाउंड्रीवॉल बनाने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मामले की शिकायत पहले पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर से की जा चुकी है। उनका आरोप है कि तहसील स्तर पर दस्तावेज बुलाकर रजिस्ट्री निरस्त करने की बात कहकर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने पंजीकृत विक्रय पत्रों के आधार पर प्लॉट पर अधिकार बताते हुए रास्ता बाधित करने और कथित प्रताड़ना पर कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

सेवा संकल्प यात्रा का शहर में स्वागत, पौधारोपण से जनसंवाद तक हुए कार्यक्रम

Wed Sep 23 , 2026
जबलपुर। सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को जबलपुर पहुंची। रांझी में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। इंजीनियरिंग कॉलेज रांझी में पौधारोपण के बाद यात्रा सतपुला, […]

You May Like