
महाजन। भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच चल रहे संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्धाभ्यास 2026’ में अब एएच-64ई अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी शामिल हो गए हैं।
राजस्थान की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आसमान में अपाचे और जमीन पर भारतीय-अमेरिकी जवानों ने युद्ध जैसी परिस्थितियों में संयुक्त कार्रवाई का अभ्यास किया।
सेना के मुताबिक, जवानों ने पहले मिलकर मिशन की प्लानिंग की, फिर जमीनी सैनिकों और हवा में उड़ रहे अपाचे के बीच तालमेल का अभ्यास किया। इसका मकसद तेजी और सटीकता के साथ संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम देना है।
इस अभ्यास में हवाई हमले और जमीनी कार्रवाई को जोड़ने, आपसी संपर्क और सही समय पर कार्रवाई पर जोर दिया गया। यह अभ्यास सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं है, बल्कि हवा और जमीन की ताकत का संयुक्त इस्तेमाल है।
इससे पहले रेंज में एम777 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर, धनुष तोप, पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर, एल-70 एयर डिफेंस तोप और एम-लिड्स सिस्टम से संयुक्त फायरिंग की गई। दोनों देशों की ऑब्जर्वेशन पोस्ट टुकड़ियों ने लक्ष्य की पहचान और फायर आदेश का भी अभ्यास किया।
