
सागर। शहर के मोती नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक लकड़ी टाल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं के गुबार और ऊंची लपटों की चपेट में आ गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत मोती नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
लकड़ी सूखी और अत्यधिक मात्रा में होने के कारण आग तेज़ी से फैली। खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड कर्मी कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे में हुए नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।
