मां नर्मदा के पावन ग्वारीघाट पर दिनदहाड़े छलके जाम

जबलपुर। संस्कारधानी के प्रसिद्ध और पवित्र ग्वारीघाट तीर्थ क्षेत्र में दिनदहाड़े जाम छलके। आस्था को ठेस पहुंचाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस वीडियो में असमाजिक तत्व नर्मदा तट पर दिन-दहाड़े बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं। यह अमर्यादित हरकत उस तखत पर की जा रही थी जहाँ पुरोहित बैठकर प्रतिदिन पूजा-पाठ, मां नर्मदा की आरती और धार्मिक कथाएं संपन्न कराते हैं। वायरल वीडियो के बाद से श्रद्धालुओं की आस्था को गहरा आघात लगा है और लोगों में भारी आक्रोश है। मामले पर पुलिस ने संज्ञान लिया है साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एक युवक स्कूल बैग हाथ में लेकर तखत पर बैठा है। उसके ठीक सामने शराब की एक बोतल और तीन डिस्पोजल ग्लास रखे हुए हैं, जिनमें शराब भरी हुई है। घाट जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह सरेआम शराबखोरी होने से नर्मदा तट की सुरक्षा और पवित्रता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। श्रद्धालुओंं का कहना है कि पवित्र घाटों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे तीर्थयात्रियों को असहज होना पड़ता है।

गश्त नहीं, पुलिस गायब, तत्व बेखौफ, कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन होगा: आशीष-

मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने कहा कि इस घटना से साफ है कि घाट पर पुलिस प्रशासन की जो नियमित गश्त होनी चाहिए, वह कहीं भी नहीं हो रही है। तीर्थ क्षेत्र को असामाजिक तत्वों के हवाले छोड़ दिया गया है। प्रशासन की इस लापरवाही से ही ऐसे लोग बेखौफ होकर पवित्र स्थल पर शराबखोरी कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी की मांग है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तत्काल एफआईआर दर्ज हो। ग्वारीघाट पर स्थाई पुलिस बल और 24 घंटे गश्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समस्त नर्मदा घाटों को नशा-मुक्त घोषित कर कड़ी निगरानी की जाए। यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।

इनका कहना है

वीडियो कब का है और उसमें शराब पीता हुआ दिखाई दे रहा युवक कौन है, इसकी शिनाख्त की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कन्हैया बघेल, थाना प्रभारी, ग्वारीघाट

Next Post

गऊ घाट का कलेक्टर एवं एसपी ने किया निरीक्षण, विसर्जन व्यवस्था के दिए निर्देश

Tue Sep 22 , 2026
सीधी । गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने गऊ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विसर्जन व्यवस्था, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने […]

You May Like