
इंदौर. अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले झांकी चल समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर मयंक अवस्थी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने झांकी मार्ग का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इसके बाद अभय प्रशाल के लाभमंडप हॉल में झांकियों, अखाड़ों और जुलूस के आयोजकों व संचालकों के साथ बैठक रखी गई. बैठक में आयोजन के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने आयोजकों से चर्चा की. अधिकारियों ने आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया.
