
ग्वालियर। 15 अक्टूबर से 2 हजार रुपये से अधिक के यूपीआई ट्रांजैक्शन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) वसूले जाने के भारत सरकार के प्रस्तावित फैसले के खिलाफ ग्वालियर में जोरदार विरोध शुरू हो गया है। प्रदेश की शीर्ष व्यापारिक एवं औद्योगिक संस्था ‘मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री, ग्वालियर’ के आव्हान पर आज, 23 सितम्बर को अंचल भर में ” नौ यूपीआई डे,” मनाया जा रहा है।
इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए ग्वालियर अंचल के सभी व्यापारिक और औद्योगिक संगठन एकजुट हो गए हैं। एमसीसीआई के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अंचल के समस्त व्यवसायियों एवं उद्योगपतियों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
विरोध प्रदर्शन के लिए जारी की गई मुख्य गाइडलाइंस:
QR कोड ढंकें: व्यापारी अपनी दुकान या संस्थान में लगे नौ यूपीआई कोड/ स्कैनर और साउंड बॉक्स को काले कपड़े से ढंककर सांकेतिक विरोध दर्ज कराएं।
सोशल मीडिया कैंपेन: काले कपड़े से ढंके UPI स्कैनर के साथ अपनी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट/अपलोड करें। लेन-देन का बहिष्कार: ‘नौ यूपीआई’ के अवसर पर न तो यूपीआई के माध्यम से कोई भुगतान स्वीकार करें और न ही किसी को यूपीआई से भुगतान करें। व्यापारी एकता: प्रस्तावित एमडीआर चार्ज के विरोध में एकजुट होकर व्यापारी संगठन अपनी आवाज बुलंद करें। चेम्बर पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डिजिटल भुगतान पर एमडीआर शुल्क लगाने से व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसी कारण व्यापारी समुदाय को अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए इस जनआंदोलन को सफल बनाने का आव्हान किया गया है।
