सीधी: धौंहनी-चुरहट विधानसभा की सीमावर्ती खड्डी खुर्द से बगइहा टोला तक सडक़ निर्माण की मांग को लेकर इंफ्लुएंसर के नेतृत्व में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत मंत्री के लिखित आश्वासन पर धरना बंद होगा।धौंहनी-चुरहट विधानसभा की सीमावर्ती खड्डी खुर्द से बगइहा टोला तक सडक़ निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इनकी मांग है कि प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल आये और लिखित में सडक़ निर्माण की तिथि बतायें। धरना स्थल पर संभागीय अधिकारी एवं सीधी के प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के महाप्रबंधक भी पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि खड्डी खुर्द-बगइहा टोला सडक़ अभी प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना में शामिल नहीं है। वर्तमान में यह सडक़ सिंचाई विभाग के अधीन है। अधिकारियों के अनुसार सडक़ को प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना में शामिल किए जाने के बाद वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद निर्माण की दिशा में आगे कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि संभव हुआ तो दूसरे विभाग से सडक़ निर्माण को लेकर भी चर्चा की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सडक़ की समस्या झेल रहे लोगों को अब आश्वासन नहीं बल्कि सडक़ निर्माण की निश्चित समय-सीमा चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की कि पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल स्वयं मौके पर पहुंचकर सडक़ निर्माण कब और कैसे शुरू होगा, इसका स्पष्ट जवाब दें।
चुरहट विधायक निजी व्यय से कराये थे मुरुमीकरण
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू ने पिछले वर्ष भी सडक़ की समस्या को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री तक गुहार लगाई थी। लिहाजा चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के संज्ञान में मामला आने पर उनके द्वारा निजी व्यय से कच्ची सडक़ का मुरूमीकरण कराया गया था ताकि वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की असुविधा न हो। सडक़ का निर्माण विभागीय स्तर से पूर्ण न होने के कारण बरसात में फिर समस्या गंभीर हो गई।
इनका कहना है
खड्डी खुर्द से बगइहा टोला की सडक़ प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना में शामिल है। भारत सरकार से बजट मिलने के बाद निर्माण की कार्यवाही शुरू होगी। मैं स्वयं धरना स्थल पर गया था और ग्रामीणों से चर्चा कर पूरी विभागीय कार्यवाही से अवगत कराया गया।
गणेश प्रसाद मिश्रा, महाप्रबंधक प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना सीधी
