पटेरा में लक्षन सेठ ज्वेलर्स में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले गए चोर

पटेरा/दमोह। नगर पटेरा में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच वार्ड क्रमांक-1 स्थित लक्षन सेठ ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।

दुकान संचालक द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार 19 सितंबर की रात करीब 8 बजे उन्होंने दुकान बंद की और मकान के ऊपर चले गए। सुबह करीब 6:30 बजे पड़ोसी संजय सिंह राजपूत ने फोन कर बताया कि दुकान के नीचे सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही दुकान संचालक अपनी पत्नी प्रगति साहू के साथ दुकान पर पहुंचे। दुकान के अंदर जाकर देखा तो तिजोरी और शोकेस टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।

करीब 10 से 12 किलो चांदी चोरी

रिपोर्ट में दुकान संचालक ने बताया कि चोर शोकेस में रखे बड़ी मात्रा में चांदी के जेवरात ले गए। इनमें चांदी की पायल, चूड़ियां, चैन, ताबीज, छल्ले, हाथ-पैर के आभूषण, बच्चों की पायल, बिछिया, ब्रेसलेट, कुलाबा सहित अन्य आभूषण शामिल बताए गए हैं। चोरी हुए चांदी के सामान का वजन करीब 10 से 12 किलो तथा अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा दुकान में रखे सोने के आभूषणों में लॉकेट, पुराना सोना, अंगूठी, बाली और नथ सहित अन्य सामान भी चोरी होने की जानकारी दी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। वहीं ड्राज में रखी करीब 80 हजार रुपये नकदी भी चोर ले गए।

सीसीटीवी में तीन संदिग्ध दिखाई दिए

घटना की जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में 20 सितंबर की रात करीब 1:20 बजे से 3 बजे के बीच तीन अज्ञात व्यक्ति दुकान के अंदर चोरी करते दिखाई दिए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस महकमा जांच में जुटा

घटना की सूचना मिलते ही पटेरा पुलिस सक्रिय हुई और जिला मुख्यालय से भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। चोरी की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और साइबर सेल की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौके पर एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया, हटा एसडीओपी कृष्ण पाल सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। उन्होंने घटनास्थल की स्थिति और अब तक की जांच की जानकारी संबंधित पुलिस अधिकारियों से ली तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच ज्वेलर्स की दुकान में हुई इस बड़ी वारदात से पटेरा के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान कर चोरी गया माल बरामद करने और आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है।

Next Post

प्रमुख मीडिया संस्थानों के बहिष्कार के बीच व्हाइट हाउस ट्रंप टीवी शुरू करेगा

Tue Sep 22 , 2026
वाशिंगटन, 22 सितंबर (वार्ता) व्हाइट हाउस ने ट्रंप टीवी शुरू करने की घोषणा की है।यह घोषणा अमेरिका के कई प्रमुख मीडिया संस्थानों द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बहिष्कार करने की बात कहे जाने के बाद सामने आ रही है। व्हाइट हाउस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ‘ट्रंप टीवी: द […]

You May Like