रेस्टोरेंट-होटलों में खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश, 13 नमूने लिए

इंदौर: शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सोमवार को कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. शिकायत और औचक निरीक्षण के आधार पर की गई कार्रवाई में 13 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए. कई जगह स्वच्छता संबंधी कमियां भी मिलीं, जिन पर संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं.

बायपास स्थित करी ईव्स रेस्टोरेंट की शाखा के औचक निरीक्षण में किचन की व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं. कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं मिले. किचन में खुले डस्टबिन भी पाए गए. वहीं, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रिज में रखे मिले. टीम ने यहां से रेड ग्रेवी, ब्राउन ग्रेवी, पनीर और दही के चार नमूने लिए.

व्हाट्सऐप शिकायत पर अपना स्वीट्स पहुंची टीम
न्यू पलासिया स्थित अपना स्वीट्स के खिलाफ व्हाट्सऐप पर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण किया. साफ-सफाई और खाद्य स्वच्छता को लेकर निर्देश दिए गए. यहां से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, किचन किंग मसाला, तैयार आलू मसाला, दाल, मिक्स वेज और बटर पनीर के सात नमूने लिए गए. कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है.

न्यू सुंदर होटल में भी मिली कमियां
साउथ तुकोगंज स्थित न्यू सुंदर होटल के निरीक्षण में किचन कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और खाद्य परीक्षण संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली. इस पर नोटिस जारी किया जा रहा है. यहां से पनीर और चावल के दो नमूने जांच के लिए लिए गए. सभी 13 नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

Next Post

किसी ने Oxford तो किसी ने Columbia से की पढ़ाई, एक्टिंग से पहले ऐसी थी इनकी डिग्री

Tue Sep 22 , 2026
मुंबई, जानिए बॉलीवुड के उन सितारों के बारे में जिन्होंने एक्टिंग से पहले प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज से पढ़ाई की और शानदार एजुकेशनल बैकग्राउंड बनाया। परिणीति चोपड़ा ने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है, लेकिन फिल्मों में आने से पहले उनकी पढ़ाई भी काफी चर्चा में रही। उन्होंने इंग्लैंड के […]

You May Like